रविवार, 17 जून 2018

सामाजिक चेतना के रूप में धर्म

हे मानवश्रेष्ठों,

यहां पर ऐतिहासिक भौतिकवाद पर कुछ सामग्री एक शृंखला के रूप में प्रस्तुत की जा रही है। पिछली बार हमने यहां ‘सामाजिक चेतना के कार्य और रूप’ के अंतर्गत आर्थिक चेतना पर चर्चा की थी, इस बार हम सामाजिक चेतना के रूप में धर्म को समझने की कोशिश करेंगे।

यह ध्यान में रहे ही कि यहां इस शृंखला में, उपलब्ध ज्ञान का सिर्फ़ समेकन मात्र किया जा रहा है, जिसमें समय अपनी पच्चीकारी के निमित्त मात्र उपस्थित है।



सामाजिक चेतना के रूप में धर्म
(Religion as a form of Social Consciousness)



धर्म, सामाजिक चेतना का एक रुप है जिसने मानव जाति के आत्मिक जीवन में एक महत्वपूर्ण स्थान ग्रहण किया है। कुछ ऐतिहासिक अवधियों में यह ऐसी चेतना का सार्विक (universal) रूप था। किंतु इसका यह अर्थ नहीं है कि यह हमेशा विद्यमान था। आधुनिक विज्ञान इसका प्रारंभ आदिम-सामुदायिक समाज के उत्तरकाल को मानता है। तब परिवेशीय जगत की घटनाओं तथा मनुष्य के क्रियाकलाप को समझने और उनका स्पष्टीकरण देने की आवश्यकता पैदा हो गई थी। समुचित ज्ञान के अभाव तथा आर्थिक व सामाजिक विकास के निम्न स्तर की अवस्था में लोग अपने परिवेशीय जगत का वैज्ञानिक स्पष्टीकरण नहीं दे सकते थे और उन्होंने वस्तुतः स्वयं के साथ सादृश्य (analogy) के अनुसार उसका स्पष्टीकरण देना शुरू कर दिया। उन्होंने उसे अलौकिक अनुगुण (supernatural properties) प्रदान किए और उस पर रहस्यमय आत्मिक शक्तियों को आरोपित (ascribed) कर दिया। अपने सम्मुख विद्यमान प्राकृतिक शक्तियों के विरुद्ध संघर्ष में कमजोर और निस्सहाय होने के कारण प्राचीन मानव ने प्राकृतिक घटनाओं, यानी वर्षा, तड़ित, वज्रघोष, नदियों, जलधाराओं, वृक्षों, पत्थरों, आदि का दैवीकरण (deification) कर दिया। वह अलग-अलग वस्तुओं की पूजा करता, चापलूसी करता तथा उनकी संरक्षता (patronage) हासिल करने का प्रयत्न करता। धीरे-धीरे ऐसी धारणाएं बनीं जिन्होंने प्रकृति की घटनाओं पर मनुष्य की ही जैसी आत्मा तथा संकल्प का आरोपण कर दिया, किंतु वे मनुष्य की आत्मा व संकल्प से अधिक भयावह, रहस्यमय और अबोधगम्य (incomprehensible) थे।

वर्ग समाज (class society) में प्राकृतिक शक्तियों के साथ ही साथ, वर्गीय शोषण की इनसे भी अधिक पराई (alien), निर्मम (remorseless) शक्तियों ने मनुष्य का विरोध करना शुरू कर दिया। मनुष्य की दुर्बलता तथा निस्सहायता (helplessness) की घोषणा करते तथा उसे पवित्र बताते हुए धर्म ने इन शक्तियों के सम्मुख दीनता (humility) तथा अधीनता का आह्वान किया। इस प्रकार उसे प्रभुत्वशाली वर्ग (dominant class) की वैचारिकी के फैलाव, दृढ़ीकरण तथा दूसरों के मन में पैठाने का काम करनेवाली चेतना के एक रूप में परिणत कर दिया गया। प्रतिरोधी वर्ग विरचनाओं (antagonistic class formations) की दशाओं में बौद्ध मत, इसाई धर्म तथा इस्लाम जैसे एकेश्वरीय धर्म व्यापक रूप से फैल गये।

धर्म का संगठनकारी रूप (organised), यानी धार्मिक पंथ को बनाए रखने, धार्मिकता को फैलाने, धर्मानुयायियों को एक सूत्र में बांधने का सामाजिक संस्थान, एक धार्मिक केन्द्र, जैसे कि चर्च, होता है। भिन्न-भिन्न ठोस दशाओं में, विकास की विभिन्न अवस्थाओं पर भिन्न-भिन्न समाजों के इतिहास के दौरान धर्म और धार्मिक केन्द्रों की सामाजिक भूमिका बदली है। प्रभावी धार्मिक केंद्रों ने, कमोबेश (more or less) सीमा तक, उन वर्गों के हितों की सेवा की है, जिनके हाथों में राजकीय और आर्थिक सत्ता थी।

किंतु सामाजिक जीवन के गहन अंतर्विरोधी (contradictory) स्वभाव तथा परिवर्तनशीलता की वजह से अक्सर ऐसा हुआ कि कुछ धार्मिक धाराओं ने (तथा उनके अनुरूप धार्मिक संगठनों ने), तत्समय प्रभावी धार्मिक केंद्रों तथा धर्म का विरोध किया। अक्सर ऐसा हुआ कि ऐसी धाराओं ने उत्पीड़ितों या उन समूहों व वर्गों के हितों को अभिव्यक्ति दी जो सत्ता के लिए और मौजूदा सामाजिक प्रणाली में परिवर्तन के लिए लड़ रहे थे, किंतु कुछ कारणों से वे स्वयं अपने हितों को और सार्वजनिक मामलों की वस्तुगत अवस्था (objective state) को वैज्ञानिक ढंग से जानने-समझने में असमर्थ थे। कुछ राष्ट्रीय मुक्ति आंदोलनों या शोषण के विरुद्ध लड़नेवालों ने, अपने क्रांतिकारी व मुक्तिकारी आकांक्षाओं को धार्मिक रंग दे दिया और देते हैं। ऐसे मामलों में वर्ग या मुक्ति संघर्ष, और उसके अनुरूप वैचारिकी, एक उप धर्म की शक्ल में या वैकल्पिक धार्मिक केंद्र के लिए आंदोलन में प्रकट हुए और उन्होंने प्रभावी धार्मिक केंद्रों तथा धर्म के ख़िलाफ़ विरोध का रूप ग्रहण किया और अंतःकरण (conscience) की स्वतंत्रता के लिए लड़ना शुरू कर दिया। धर्म के वेश में राजनीतिक विरोध का प्रकट होना ऐसी घटना है, जो सभी जनगण के विकास की किसी एक अवस्था की विशेषता रही है

आधुनिक दुनिया में, विकट सामाजिक अंतर्विरोधों से भरी दुनिया में, धर्म और धार्मिक संगठन भिन्न भूमिका अदा कर सकते हैं। मार्क्सवादी विचारों के प्रवक्ता धर्म के जबरिया मूलोच्छेदन (forcible extirpation) का आह्वान नहीं करते, जैसा कि उसके विरोधी उस पर आरोप लगाते हैं, बल्कि उन सामाजिक-धार्मिक नेताओं तथा धाराओं के साथ बातचीत का आह्वान करते हैं, जो तापनाभिकीय युद्ध के ख़तरे के ख़िलाफ़ शांति के संघर्ष में, राष्ट्रीय मुक्ति आंदोलनों में और निरंकुशता तथा उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई में, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय स्वाधीनता तथा नवउपनिवेशवाद से छुटकारा पाने के संघर्ष में भाग ले रहे हैं। वे एक मुख्य अधिकार के रूप में अंतःकरण की स्वतंत्रता की घोषणा करते हैं। समसामयिक समाजवादी समाजों में प्रत्येक नागरिक अनीश्वरवादी हो सकता है या धर्म पर विश्वास रख सकता है धर्म के आधार पर किसी प्रकार का वैरभाव या उत्पीड़न वर्जित है और धार्मिक केंद्र राज्य से पृथक होते हैं



इस बार इतना ही।
जाहिर है, एक वस्तुपरक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से गुजरना हमारे लिए संभावनाओं के कई द्वार खोल सकता है, हमें एक बेहतर मनुष्य बनाने में हमारी मदद कर सकता है।
शुक्रिया।

समय अविराम

0 टिप्पणियां:

एक टिप्पणी भेजें

अगर दिमाग़ में कुछ हलचल हुई हो और बताना चाहें, या संवाद करना चाहें, या फिर अपना ज्ञान बाँटना चाहे, या यूं ही लानते भेजना चाहें। मन में ना रखें। यहां अभिव्यक्त करें।

Related Posts with Thumbnails