शनिवार, 23 मई 2015

सत्य क्या है - ५ ( सत्य की द्वंद्वात्मकता )

हे मानवश्रेष्ठों,

यहां पर द्वंद्ववाद पर कुछ सामग्री एक श्रृंखला के रूप में प्रस्तुत की जा रही है। पिछली बार हमने संज्ञान के द्वंद्वात्मक सिद्धांत के अंतर्गत सत्य की द्वंद्ववादी शिक्षा पर चर्चा को आगे बढ़ाया था, इस बार हम उसी चर्चा का समापन करेंगे ।

यह ध्यान में रहे ही कि यहां इस श्रृंखला में, उपलब्ध ज्ञान का सिर्फ़ समेकन मात्र किया जा रहा है, जिसमें समय अपनी पच्चीकारी के निमित्त मात्र उपस्थित है।



सत्य क्या है - ५ ( सत्य की द्वंद्वात्मकता )
what is truth - 5 ( dialectics of truth )

कोई एक घटना जितनी ज़्यादा जटिल ( complicated ) होती है, निरपेक्ष सत्य की, यानी उसके बारे में पूर्ण ज्ञान की, प्राप्ति उतनी ही कठिन होती है। किंतु इसके बावजूद निरपेक्ष सत्य ( absolute truth ) होता है और उसे मानव ज्ञान की वांछित सीमा और लक्ष्य के रूप में समझना चाहिए। प्रत्येक सापेक्ष सत्य ( relative truth ) हमें उस लक्ष्य के निकटतर लानेवाला एक क़दम है।

पूछा जा सकता है कि इन या उन वस्तुओं के बारे में पूर्ण और सर्वांगीण ( exhaustive ) जानकारी पा लेने के बाद क्या यह प्रक्रिया ख़त्म हो सकती है? यदि हम यह याद रखें कि भौतिक विश्व की बात तो दूर, उसके अलग-अलग खण्ड तक असंख्य गुणों, संबंधों और संपर्कों की समग्रता ( totality ) हैं, तो स्पष्ट हो जायेगा कि किसी भी परिघटना ( phenomena ) का पूर्ण, अंतिम और सर्वांगीण ज्ञान नहीं पाया जा सकता है। यह इसलिए भी संभव नहीं है कि परिवेशी परिघटनाएं स्वयं भी बढ़ती और बदलती रहती हैं और इस प्रक्रिया में उनमें नये गुण, नयी विशेषताएं और नये संबंध प्रकट होते रहते हैं। हम जीव अवयवियों को लें, जो अन्योन्यक्रिया ( mutual interaction ) करनेवाली अरबों कोशिकाओं से बने होते हैं, या आर्थिक प्रणालियों को , जिनकी परिधि में हज़ारों उद्यम, करोड़ों कामगार, तरह-तरह के माल बनानेवाले लाखों तरह के यंत्र और उपकरण आते हैं, वे सब इतने जटिल ( complex ) हैं कि ऐसी किसी भी परिघटना या वस्तु के बारे में पूर्ण और निःशेष ( thorough ) ज्ञान प्राप्त करना सर्वथा असंभव है।

पूर्ण, निःशेष ज्ञान, जिसे निरपेक्ष सत्य कहते हैं, तभी पाया जा सकता है, जब परिघटना अत्यंत सामान्य हो और उसमें अपेक्षाकृत थोड़े ही तत्व तथा संबंध हों। ऐसी परिघटनाएं कभी-कभी, उदाहरण के लिए, गणित में मिलती हैं, किंतु यहां भी किसी जानकारी को निरपेक्ष सत्य घोषित कर सकने के लिए अत्यधिक अमूर्तन ( abstraction ) और परिसीमन ( limitation ) की ज़रूरत पड़ती है।

शंकाएं उठायी जा सकती हैं : क्या निःशेष सत्य की अलभ्यता ( unattainability ) को स्वीकार करने का अर्थ उसकी वस्तुगतता का निषेध ( negation ) नहीं है? क्या इसका यह मतलब नहीं है कि विश्व की संज्ञेयता से इंकार करनेवाले अज्ञेयवादी ( agnostic ) सही थे? ऐसी शंकाओं को युक्तिसंगत ( rational ) शायद ही कहा जा सकता है। यदि संज्ञान को द्वंद्वात्मक ( dialectical ) ढंग से समझा जाये और यह माना जाये कि बाह्य विश्व विषयक हमारा ज्ञान, अनिवार्यतः परिणति पर पहुंचने वाली प्रक्रिया नहीं, बल्कि निरन्तर बढ़नेवाली प्रक्रिया है, तो हमें यह स्वीकार करना होगा कि विश्व संज्ञेय ( knowable ) है और वह भी इस अर्थ में नहीं कि हम एक ही बार में और सदा के लिए उसका संज्ञान कर सकते हैं, बल्कि इस अर्थ में कि हम ज्ञात सापेक्ष सत्यों को व्यावहारिक कार्यकलाप की सहायता से जांचते और सुधारते हुए निरन्तर बढ़ाते और व्यापक बनाते जा सकते हैं।

यह दावा करना ग़लत है कि सत्य के तीन प्रकार है, अर्थात वस्तुगत, सापेक्ष और निरपेक्ष सत्य। वास्तव में, सापेक्ष और निरपेक्ष सत्य, वस्तुगत सत्य ( objective truth ) के ही विभिन्न स्तर या रूप ( forms ) हैं। हमारा ज्ञान हमेशा सापेक्ष होता है, क्योंकि यह समाज, प्रविधि ( technique ), विज्ञान की अवस्था, आदि के विकास के स्तर पर निर्भर होता है। हमारे ज्ञान का स्तर जितना ऊंचा होता है, हम निरपेक्ष सत्य के उतने ही निकट होते हैं।

फलतः ज्ञान के क्रमविकास का नियम सापेक्ष से निरपेक्ष की ओर उसकी प्रगति ( progress ) का ही नियम है। किंतु यह प्रक्रिया अंतहीन हो सकती है, क्योंकि हम ऐतिहासिक विकास की प्रत्येक अवस्था पर अपने परिवेशीय जगत में नये पहलुओं ( aspects ) तथा अनुगुणों ( properties ) की खोज करते हैं और उसके बारे में पूर्णतर तथा अधिक सटीक ज्ञान की रचना करते हैं। सत्य के एक सापेक्ष रूप से दूसरे सापेक्ष रूप में प्रविष्ट होने की यह सतत ( continuous ) प्रक्रिया, संज्ञान की प्रक्रिया में द्वंद्ववाद ( dialectics ) की सबसे महत्त्वपूर्ण अभिव्यक्ति है। इस तरह, प्रत्येक सापेक्ष सत्य में निरपेक्ष सत्य का एक अंश होता है। इसके विपरीत, निरपेक्ष सत्य, सापेक्ष सत्यों के एक असीम अनुक्रम ( succession ) की सीमा है।



इस बार इतना ही।
जाहिर है, एक वस्तुपरक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से गुजरना हमारे लिए संभावनाओं के कई द्वार खोल सकता है, हमें एक बेहतर मनुष्य बनाने में हमारी मदद कर सकता है।
शुक्रिया।
समय अविराम

शनिवार, 16 मई 2015

सत्य क्या है - ४ ( सापेक्ष और निरपेक्ष सत्य )

हे मानवश्रेष्ठों,

यहां पर द्वंद्ववाद पर कुछ सामग्री एक श्रृंखला के रूप में प्रस्तुत की जा रही है। पिछली बार हमने संज्ञान के द्वंद्वात्मक सिद्धांत के अंतर्गत सत्य की द्वंद्ववादी शिक्षा पर चर्चा को आगे बढ़ाया था, इस बार हम उसी चर्चा को और आगे बढ़ाएंगे एवं सापेक्ष और निरपेक्ष सत्य को समझेंगे ।

यह ध्यान में रहे ही कि यहां इस श्रृंखला में, उपलब्ध ज्ञान का सिर्फ़ समेकन मात्र किया जा रहा है, जिसमें समय अपनी पच्चीकारी के निमित्त मात्र उपस्थित है।



सत्य क्या है - ४ ( सापेक्ष और निरपेक्ष सत्य )
what is truth - 4 ( relative and absolute truth )

ऐतिहासिक विकास की प्रत्येक अवस्था पर हमारा ज्ञान, सीमित और सापेक्ष ( relative ) होता है। इस सापेक्ष ज्ञान को आगे चलकर अधिक विशिष्ट ( specific ) तथा अधिक सही बनाया जा सकता है। प्राचीन चिंतक अक्सर घटनाओं या प्रक्रियाओं के मात्र बाहरी पक्ष का प्रेक्षण करते हुए उनकी जटिल आंतरिक संरचना के बारे में अतीव काल्पनिक अटकलें लगा दिया करते थे, परंतु फिर भी उनका ज्ञान, विज्ञान के लिए आगे बढ़ने का प्राथमिक आधार ही था। जब व्यवहार और विज्ञान, दोनों ही आगे बढ़ते हैं, तो लोग धीरे-धीरे सत्य को जानने लगते हैं। मसलन, देमोक्रितस ने महज अटकल लगायी थी कि दुनिया परमणुओं से बनी है, किंतु भौतिकीविद नील्स बोर ने परमाणु की संरचना की वस्तुतः खोज की थी।

हम कह सकते हैं कि मानव संज्ञान के विकास के हर चरण में वस्तुगत सत्य ( objective truth ) भी एक सीढ़ी ऊपर उठा और हमारे ज्ञान में से आत्मगत ( subjective ) तत्वों को निष्कासित करता गया। वस्तुगत सत्य के विकास की ये सीढ़ियां सापेक्ष सत्य ( या वस्तुगत सत्य के सापेक्ष रूप ) कहलाती हैं। एक प्रस्थापना के रूप में कहें तो, वस्तुगत सत्य की अभिव्यक्ति के रूप को, जो ठोस ऐतिहासिक दशाओं पर निर्भर होता है और ज्ञान के प्रदत्त स्तर पर प्राप्त उसकी सटीकता, परिशुद्धता और पूर्णता की कोटि को दर्शाता है, सापेक्ष सत्य ( relative truth ) कहते हैं

अतः निरंतर विकास करते और जटिल बनते व्यावहारिक कार्यकलाप के प्रभावस्वरूप, वस्तुगत सत्य भी निरंतर विकास करता जाता है और अपने किसी भी रूप में वह अंतिम और पूर्ण नहीं माना जा सकता। वास्तव में, वह इस या उस वस्तु से संबंधित सापेक्ष सत्यों का सिलसिला ही है, और वह भी ऐसे सापेक्ष सत्यों का कि उनमें से हर एक अपने पूर्ववर्ती का व्यापकीकरण और गहनीकरण होता है। इस प्रक्रिया को संज्ञान का द्वंद्व कहा जाता है। इस तरह, विज्ञान सहित मानव ज्ञान का सारा विकास कुछ सापेक्ष सत्यों का ऐसे सापेक्ष सत्यों के द्वारा अनवरत अनुक्रमण ( constant succession ) है, जो वस्तुगत सत्य को अधिक पूर्णता और सटीकता ( exactness ) से व्यक्त करते हैं। संज्ञान की प्रक्रिया, वस्तुगत सत्य की अधिक पूर्ण और अधिक सटीक जानकारी है।

किसी घटना के सर्वथा पूर्ण, सटीक, सर्वतोमुखी ( all-round ), सांगोपांग ( comprehensive ), सर्वांगपूर्ण ( exhaustive ) ज्ञान को निरपेक्ष सत्य ( absolute truth ) कहते हैं। अक्सर पूछा जाता है कि क्या हम निरपेक्ष सत्य को प्राप्त तथा उसका निरूपण ( formulate ) कर सकते हैं ? अज्ञेयवादी ( agnostic ) कहते हैं कि नहीं। प्रमाण के रूप में वे इस तथ्य का हवाला देते हैं कि हमारा सरोकार केवल सापेक्ष सत्यों से है और, वे आगे दलील देते हैं, आगे चलकर यह पता चलता है कि प्रत्येक सापेक्ष सत्य सटीक और पूर्ण नहीं है, जैसा कि सौर मंडल के उदाहरण में। फलतः, पूर्ण, सांगोपांग ज्ञान अलभ्य ( unattainable ) है। अधिभूतवादी ( metaphysicians ) यह सोचते हैं कि निरपेक्ष ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है और हमारे क्रियाकलाप के किसी भी क्षण पर सदा के लिए जाना और व्यक्त किया जा सकता है।

अक्सर ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ, बहुत सरल मामलों में निरपेक्ष ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है। मसलन, क्या यह कथन कि ‘दिल्ली भारत की राजधानी है’ निरपेक्ष सत्य नहीं है ? परंतु क्या यह कथन दिल्ली की आबादी, उसके क्षेत्रफल और इमारतों की संख्या के बारे में सर्वांगपूर्ण ज्ञान देता है, अथवा क्या यह बताता है कि यह भारत की राजधानी कब बना, आदि ? यहां तक कि निश्चित तारीख़ के लिए दिये जानेवाले आंकड़े एक या दो वर्ष में सदोष हो जायेंगे। इस भांति हम देखते हैं कि पहली नज़र में जो बात निरपेक्ष सत्य मालूम पड़ती है, वह वास्तव में सापेक्ष सत्य होती है, क्योंकि उसमें दिल्ली के बारे में सर्वांगपूर्ण तथा सर्वदा के लिए सत्य ज्ञान नहीं होता है।

कोई एक घटना जितनी ज़्यादा जटिल ( complicated ) होती है, निरपेक्ष सत्य की, यानी उसके बारे में पूर्ण ज्ञान की, प्राप्ति उतनी ही कठिन होती है। किंतु इसके बावजूद निरपेक्ष सत्य होता है और उसे मानव ज्ञान की वांछित सीमा और लक्ष्य के रूप में समझना चाहिए। प्रत्येक सापेक्ष सत्य हमें उस लक्ष्य के निकटतर लानेवाला एक क़दम है।



इस बार इतना ही।
जाहिर है, एक वस्तुपरक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से गुजरना हमारे लिए संभावनाओं के कई द्वार खोल सकता है, हमें एक बेहतर मनुष्य बनाने में हमारी मदद कर सकता है।
शुक्रिया।
समय अविराम

रविवार, 10 मई 2015

सत्य क्या है - ३ ( वस्तुगत सत्य )

हे मानवश्रेष्ठों,

यहां पर द्वंद्ववाद पर कुछ सामग्री एक श्रृंखला के रूप में प्रस्तुत की जा रही है। पिछली बार हमने संज्ञान के द्वंद्वात्मक सिद्धांत के अंतर्गत सत्य की द्वंद्ववादी शिक्षा पर चर्चा को आगे बढ़ाया था, इस बार हम उसी चर्चा को और आगे बढ़ाएंगे एवं वस्तुगत सत्य को समझेंगे ।

यह ध्यान में रहे ही कि यहां इस श्रृंखला में, उपलब्ध ज्ञान का सिर्फ़ समेकन मात्र किया जा रहा है, जिसमें समय अपनी पच्चीकारी के निमित्त मात्र उपस्थित है।



सत्य क्या है - ३ ( वस्तुगत सत्य )
what is truth - 3 ( objective truth )

आधुनिक विज्ञान जो जानकारियां हासिल कर चुका है, उनमें से अधिसंख्य ऐसी हैं कि उनका स्वरूप न केवल अध्ययन की जानेवाली वस्तु ( object ) पर, अपितु उन औज़ारों, यंत्रों और उपकरणों पर भी निर्भर होता है, जिनके माध्यम से अनुसंधानकर्ता और वस्तु के बीच अन्योन्यक्रिया ( mutual interaction ) होती है। संज्ञान ( cognition ) के इन सभी साधनों का यथार्थ अस्तित्व ( real existence ) है, किंतु उसकी रचना लोगों के द्वारा की जाती है और इसलिए कुछ हद तक वे आत्मगत कारक ( subjective factors ) पर निर्भर होते हैं। दूसरे शब्दों में, जिन संकल्पनाओं ( concepts ), कथनों ( statements ) और अनुमानों ( inference ) के द्वारा हम हम बाह्य जगत के, और स्वयं अपने बारे में ज्ञान को व्यक्त करते हैं, वे इस जगत का ही परावर्तन ( reflection ) नहीं, बल्कि हमारे क्रियाकलाप ( activity ) का उत्पाद ( product ) भी हैं।

फलतः, ज्ञान में कुछ ऐसी चीज़ है, जो उस पर काम करनेवाले व्यक्ति पर निर्भर होती है, यानी संज्ञान के विषयी ( subject ) पर। विज्ञान का लक्ष्य यही है कि हमारे ज्ञान में उन तत्वों का अनुपात निरंतर बढ़ता जाये, जो अध्ययनाधीन वस्तुओं की नियमसंगतियों, गुणों और संबधों को प्रतिबिंबित करते हैं और जो किसी व्यक्ति या मानवजाति पर निर्भर नहीं होते। अतएव कहा जा सकता है कि जहां तक हमारा ज्ञान वस्तुगत जगत ( objective world ) को परावर्तित करता है, उसमें एक ऐसी अंतर्वस्तु ( content ) भी होती है, जो न तो मनुष्य पर निर्भर है, न ही सारी मानवजाति पर और फलतः केवल वस्तुगत जगत पर ही निर्भर होती है। हमारे विचारों और ज्ञान की इस अंतर्वस्तु को, जो न तो एक अलग व्यक्ति पर निर्भर होती है, न ही सारी मानवजाति पर, वस्तुगत सत्य ( objective truth ) कहते हैं

यह कथन कि सामान्य दाब पर, १०० डिग्री सेल्सियस तापमान तक गर्म करने पर पानी भाप में परिणत हो जाता है, एक वस्तुगत सत्य है। हालंकि यह तथ्य कि हम इस तापमान को फ़ारेनहाइट या रियोमूर थर्मामीटर से, या सेल्सियस से नापते हैं, मनुष्य पर निर्भर करता है, किंतु इस विशिष्ट तापमान पर स्वयं पानी का उबलना और भाप में तब्दील होना न मनुष्य पर निर्भर है न मानवजाति पर।

सत्य ज्ञान, स्वयं वस्तुगत जगत की भांति ही द्वंद्ववाद ( dialectics ) के नियमों के अनुसार विकसित होता है। मध्ययुग में लोग यह समझते थे कि सूर्य और ग्रह, पृथ्वी के गिर्द घूमते हैं। वह बात सत्य थी या असत्य ? मनुष्य आकाशीय पिंडों की गति को एक ही ‘प्रेक्षण स्थल’, यानी पृथ्वी से देखता था ; इस तथ्य ने उसे इस असत्य निष्कर्ष पर पहुंचाया कि सूर्य और ग्रह, पृथ्वी के गिर्द घूमते हैं। इसमें संज्ञान के विषयी पर हमारे ज्ञान की निर्भरता को देखा जा सकता है, किंतु इस कथन में एक ऐसी अंतर्वस्तु थी, जो मनुष्य या मानवजाति पर निर्भर नहीं थी, वह यह तथ्य कि सौर मंडल के आकाशीय पिंड घूमते तो हैं। उस तथ्य में वस्तुगत सत्य का बीज था।

कोपेर्निकस के सिद्धांत ने इस बात की पुष्टि की कि सूर्य हमारे ग्रहमंडल का केन्द्र है और पृथ्वी तथा अन्य ग्रह एककेंद्रिक वृत्तों में उसके गिर्द चक्कर काटते हैं। इस सिद्धांत में वस्तुगत अंतर्वस्तु का अंश, पूर्ववर्ती दॄष्टिकोणों की तुलना में बहुत अधिक था, लेकिन वस्तुगत यथार्थता के पूर्णतः अनुरूप क़तई नहीं था, क्योंकि इसके लिए आवश्यक खगोलीय प्रेक्षणों का अभाव था। अपने गुरू टाइको ब्राहे के प्रेक्षणों पर भरोसा करते हुए केपलर ने यह साबित किया कि ग्रह सूर्य के चारों तरफ़ वृत्तों में नहीं, बल्कि दीर्घ वृत्तों ( ellipses ) में चक्कर काटते हैं। यह पहले से कहीं अधिक सत्य ज्ञान था। आधुनिक खगोलविद्या ( astronomy ) में ग्रहों के प्रक्षेप पथों तथा घूर्णन के नियमों की गणना और भी अधिक सटीकता से की गयी है।

इन उदाहरणों से यह स्पष्ट हो जाता है कि वस्तुगत सत्य इतिहासानुसार विकसित होता है। हर नयी खोज के बाद यह पूर्णतर होता जाता है।



इस बार इतना ही।
जाहिर है, एक वस्तुपरक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से गुजरना हमारे लिए संभावनाओं के कई द्वार खोल सकता है, हमें एक बेहतर मनुष्य बनाने में हमारी मदद कर सकता है।
शुक्रिया।
समय अविराम

शनिवार, 2 मई 2015

सत्य क्या है - २ ( सत्य की निर्भरता )

हे मानवश्रेष्ठों,

यहां पर द्वंद्ववाद पर कुछ सामग्री एक श्रृंखला के रूप में प्रस्तुत की जा रही है। पिछली बार हमने संज्ञान के द्वंद्वात्मक सिद्धांत के अंतर्गत सत्य की द्वंद्ववादी शिक्षा पर चर्चा शुरू की थी, इस बार हम उसी चर्चा को आगे बढ़ाएंगे ।

यह ध्यान में रहे ही कि यहां इस श्रृंखला में, उपलब्ध ज्ञान का सिर्फ़ समेकन मात्र किया जा रहा है, जिसमें समय अपनी पच्चीकारी के निमित्त मात्र उपस्थित है।



सत्य क्या है - २ ( सत्य की निर्भरता )
what is truth - 2 ( dependence of truth )

सत्य का प्रश्न एक वैज्ञानिक द्वारा अपनाये जानेवाले सामान्य दार्शनिक दृष्टिकोण से, दर्शन के मूल प्रश्न का उत्तर देने के उसके तरीक़े से घनिष्ठता के साथ जुड़ा है। सत्य के मामले में विज्ञान और धर्म की परस्पर विरोधी प्रकृति अत्यंत स्पष्टता से प्रकट होती है। विज्ञान के लिए सत्य की खोज एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण काम है, जबकि धर्म आस्था की ओर रुख करता है और कभी-कभी आस्था को खुलेआम सत्य के मुक़ाबले में खड़ा कर देता है।

प्रत्ययवाद/भाववाद ( idealism ) और अज्ञेयवाद ( agnosticism ) की सारी की सारी क़िस्में, सत्य को मानने से इनकार नहीं करती, किंतु वे इसकी व्याख्या आत्मगत ( subjective ) ढंग से करती हैं, क्योंकि वे इसे, परिवेशीय वास्तविक जगत के अस्तित्व की मान्यता के साथ, तथा सही-सही ढंग से उसका संज्ञान कर सकने व अपनी चेतना में उसे परावर्तित करने की मनुष्य की क्षमता के साथ, नहीं जोड़ती हैं। कुछ प्रत्ययवादी सत्य को लोगों के बीच संपन्न एक समझौते का परिणाम मानते हैं। कभी-कभी जो उपयोगी होता है उसी को सत्य घोषित कर दिया जाता है, परंतु जो उपयोगी है, वह सब सत्य नहीं होता है।

केवल द्वंद्वात्मक भौतिकवाद ( dialectical materialism ) ही ने, जिसने संज्ञान के सिद्धांत में क्रांति कर दी थी, सत्य का, उसके आधारों और उसकी कसौटियों ( criterion ) का, एक मूलतः नया सिद्धांत प्रस्तुत किया। वह सिद्धांत क्या है?

संज्ञान एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें आत्मगत चिंतनात्मक कार्य और क्रियाविधियां, वस्तुगत ( objective ) तथा व्यावहारिक कार्यों तथा कार्यकलाप के रूपों के साथ घनिष्ठता से अंतर्संबंधित ( interconnected ) होती हैं। इस प्रक्रिया की उपज के रूप में प्राप्त ज्ञान ( knowledge ) पर, इन दोनों परस्परसंबंधित पहलुओं ( aspects ) की छाप होती है। इसलिए यह पता करना बहुत महत्त्वपूर्ण है कि हमारे ज्ञान में क्या वस्तुगत कारकों पर निर्भर है और क्या आत्मगत कारकों पर। विज्ञान के इतिहास पर दृष्टिपात करके हम जान सकते हैं कि, मसलन चन्द्रमा के बारे में, हमारा ज्ञान कैसे विकसित हुआ है।

यदि हम आरंभिक, अति प्राचीन काल से चले आ रहे ज्ञान का गहन विश्लेषण करें, तो पायेंगे कि उनमें मानों दो स्तर हैं। इस ज्ञान में से कुछ तो मनुष्य की ज्ञानेन्द्रियों ( sense organs ) की विशेषताओं, प्रेक्षक ( observer ) की स्थिति, प्रेक्षण करने की उसकी योग्यता, मेहनत तथा ध्यान की मात्रा, आदि पर निर्भर होता है। मगर इसी ज्ञान का एक दूसरा स्तर भी है, जो न तो अलग व्यक्ति पर और न सारी मानवजाति पर ही निर्भर होता है। हम जो चन्द्रमा की विभिन्न ऋतुओं में और महिने के विभिन्न दिनों मे कभी प्रकाशमान चक्र और कभी हंसिये जैसा देखते हैं, वह आंशिकतः प्रेक्षक की स्थिति और आंशिकतः स्वयं चन्द्रमा और सूर्य की स्थिति से निर्धारित होता है। किंतु जहां तक चन्द्रमा के पृथ्वी के गिर्द घूमने या उसकी मिट्टी की रासायनिक संरचना का संबंध है, तो वे प्रेक्षक की स्थिति पर निर्भर नहीं होते।

ज्यों-ज्यों हमारे प्रेक्षण साधन परिष्कृत ( refined ) होते हैं और प्रकाशीय दूरदर्शियों का स्थान रेडियो दूरदर्शी, रेडार, लेज़र यंत्र और अंतरिक्षीय प्रयोगशालाएं लेती हैं, त्यों-त्यों चन्द्रमा के बारे में हमारा ज्ञान अधिकाधिक बहुविध बनता जाता है। इसके साथ ही हमारे ज्ञान में उस स्तर और उस जानकारी का अनुपात भी बढ़ता जाता है, जो व्यक्तियों और मानवजाति पर निर्भर नहीं होता, बल्कि जिसका निर्धारण वस्तुगत कारकों द्वारा किया जाता है।



इस बार इतना ही।
जाहिर है, एक वस्तुपरक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से गुजरना हमारे लिए संभावनाओं के कई द्वार खोल सकता है, हमें एक बेहतर मनुष्य बनाने में हमारी मदद कर सकता है।
शुक्रिया।
समय अविराम
Related Posts with Thumbnails